कानपुर। देहदानी साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. बद्री नारायण तिवारी की स्मृति में कानपुर में एक भव्य रैपिड चेस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन ब्रिलियंट माइंड चेस नेक्सस के तत्वावधान में किया गया, जिसमें कानपुर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बालक-बालिकाओं ने शतरंज की बिसात पर अपनी प्रतिभा, एकाग्रता और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया। अलग-अलग आयु वर्गों में आयोजित मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक एवं कड़े मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में अंडर-7, अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13 और अंडर-15 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में आयोजकों एवं अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित रूप से शतरंज खेलने के लिए प्रेरित किया।
आयोजकों ने बताया कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि बच्चों में एकाग्रता, धैर्य, तार्किक क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और रणनीतिक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को प्रतियोगी मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ डॉ. बद्री नारायण तिवारी की स्मृति को भी नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. बद्री नारायण तिवारी के जीवन और उनके साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान को भी स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन त्याग, सेवा, साहित्य और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों की भी उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और शतरंज के प्रति उनकी बढ़ती रुचि ने कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम में विशेष रूप से मुकुल तिवारी, अभिनव तिवारी, राघव तिवारी आदि लोग मौजूद रहे|
